Ticker

6/recent/ticker-posts

मूंगफली के छिलके

वैसे तो ऐसे वाकये आए दिन देखने को मिलते हैं पर कई बार कुछ ऐसा होता है, जो सोचने को मजबूर कर देता है कि क्या वाकई हम एक सभ्य समाज का हिस्सा हैं। ऑफिस से लौटते समय शेयर ऑटो लिया। ऑटो वाले छह सवारियां बिठाते हैं तीन आगे और तीन पीछे सातवां वो ऑटो वाला। थोड़ा वक्त लगा भरने में लेकिन जब भरा और चला तो थोड़ी राहत मिली। जैसे ही ऑटो चलने लगा तो मेरे साथ में बैठी दिखने में पढ़ी लिखी और सभ्य महिला ने थैली खोलकर मूंगफली खाना शुरू कर दिया। छिलके बाहर और आधे छिलके ऑटो के अंदर। हवा के रुख से कुछ छिलके हमारे पास भी आने लगे। मैंने कहां मैडम छिलके थैली में ही डाल लीजिए। बस, जैसे मैंने कोई विस्फोटक बात कर दी हो, उन्होंने भड़कना शुरू किया। कुछ देर पहले तक जहां उन्हें बैठने में कोई परेशानी नहीं थी। अब उन्हें बैठने में समस्या आने लगी। मुझसे बोली आप थोड़ा जगह दीजिए मुझे, मैं फंस रही हूं। और भी न जाने क्या-क्या।
वो तो भला हो ईअर फोन का जिसे लगाया तो उन्होंने मुंह बनाते हुए बोलना तो बंद कर दिया लेकिन बड़बड़ाना जारी रखा। मुझे उनकी  आज ईअर फोन का फायदा नजर आया, उनको कानों में लगाया और गाने लगा लिए। उनके उतरने के बाद ऑटो वाले से बात हुई तो बोला मैडम ये लोग समझते ही नहीं है और ऑटो गंदा कर देते हैं। सुबह-सुबह ऑटो साफ करने में काफी परेशानी होती है और जो बैठते हैं उन्हें भी गंदगी झेलनी पड़ती है।
ऐसा ही एक वाकया और हुआ था पर उसमें और इसमें का अंतर आपको खुद ही पता चल जाएगा।
उस दिन में मोहन नगर से मेरठ जाने वाली बस में चढ़ी थी। बस के दरवाजे से चढ़ते हुए जो सीट होती है उस पर पैर ऊपर करके बैठी थीं। शकल से थकी हारी दिखने वाली महिला तेजी से मूंगफली खा रहीं थीं। उन्हें भी मैंने आज की तरह ही बस जरा सा बोला कि आप ये छिलके थैली में डाल लें तो उन्होंने बिना देरी किए वैसे ही छिलके थैली में डालने शुरू कर दिए। मेरी तरफ देखते हुए बोलीं अरे हां सही याद दिलाया। सुबह से कुछ खाया नहीं था। कोरट में काम था पूरा दिन खड़े-खड़े बीत गया, अन्न का दाना मुंह में नहीं लिया। भूख लग रही थी इसलिए जो ले पाई लेकर खाना शुरू कर दिया।
उन्होंने न बहस की, न गुस्सा, बस एक हल्की सी मुस्कान के साथ हमने 15-20 मिनट बातें की। मैंने उन्हें बैग में रखा सेब और जूस का पैकेट दिया जिसे लेने के लिए मना कर रही थीं। लेकिन रिक्वेस्ट पर ले कर पिया और बोली बहुत सुकून मिला है लाडो। 

Post a Comment

0 Comments

ठंडी हवा का झोंका